📔 *RAS मेंस एग्जाम में पूछा जाएगा क्या है क्रिप्टो करेंसी: OTT प्लेटफॉर्म और इंटरनेट ऑफ थिंग्स भी सिलेबस में शामिल, फरवरी में होगी परीक्षा*



जयपुर।
देशभर में चर्चा का विषय बन चुकी क्रिप्टो करेंसी अब राजस्थान प्रशासनिक सेवा भर्ती परीक्षा के सिलेबस का हिस्सा बन चुकी है। RPSC ने हाल ही में RAS मुख्य परीक्षा 2021 का सिलेबस जारी किया है। इसमें क्रिप्टो करेंसी के साथ ही ओटीटी प्लेटफॉर्म और इंटरनेट ऑफ थिंग्स से जुड़े सब्जेक्ट शामिल किए गए हैं। डॉ. प्रीति बोहरा ने बताया कि 2021 के सिलेबस में प्रबंधन विषय अंतर्गत कुछ नए बिंदु जोड़े गए हैं। जिनमें शेयर बाजार, उद्यमिता, स्टार्टअप, शिक्षा प्रबंधन, स्वास्थ्य प्रबंधन, टूरिज्म और हॉस्पिटिलिटी मैनेजमेंट शामिल है।

वहीं विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के सेक्शन में तकनीकी क्षेत्र में नए ट्रेंड्स के अनुरूप परिवर्तन किए गए हैं। इस सेक्शन में ओटीटी प्लेटफॉर्म, क्लाउड कंप्यूटिंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, बिग डाटा, क्रिप्टो करेंसी जैसे करंट इश्यू को शामिल किया गया है। बोहरा ने बताया कि 2021 का सिलेबस 2018 के सिलेबस के मुकाबले ज्यादा बड़ा और विषयगत विविधताओं से भरा है। बोहरा ने बताया कि 2021 की RAS मुख्य परीक्षा के सिलेबस में 2018 की मुख्य परीक्षा की तुलना में काफी अंतर देखने को मिला है। इतिहास विषय में विश्व के इतिहास के अंतर्गत फ्रांसीसी क्रांति और अमेरिकी स्वतंत्रता संग्राम को जोड़ा गया है। प्रबोधन को सिलेबस से हटा दिया गया है। अर्थव्यवस्था विषय में व्यापक परिवर्तन किए गए हैं। 2021 के सिलेबस में केंद्र राज्य वित्तीय संबंध, एफआरबीएम कानून, सार्वजनिक, निजी और मेरिट वस्तुओं में सरकार की भूमिका, शिक्षा, स्वास्थ्य नीतियां जैसे नए बिंदु जोड़े गए हैं।

इसी भाग में बैंकिंग एवं मौद्रिक नीति से जुड़े हुए बिंदुओं को हटा दिया गया है। 2018 के सिलेबस में कृषि क्षेत्र, औद्योगिक क्षेत्र एवं सेवा क्षेत्र को एक ही बिंदु में रखा गया था। वहीं 2021 के सिलेबस में कृषि एवं उद्योग से संबंधित बिंदुओं को अलग-अलग रखा गया है। इनके दायरे का विस्तार भी किया गया है। मल्टी नेशनल कंपनियां, प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) एवं प्रत्यक्ष संस्थागत निवेश जैसे बिंदुओं को अर्थव्यवस्था के सेक्शन से हटाकर प्रबंधन के सेक्शन में डाल दिया गया है। वहीं विश्व अर्थव्यवस्था वाले खंड में सतत विकास एवं जलवायु परिवर्तन को जोड़ा गया है। जबकि विकसित और विकासशील देश की अवधारणा को हटा दिया गया है।

बता दें कि RAS प्रारंभिक परीक्षा 2021 के परिणाम जारी करने के बाद अब 

  RPSC ने मुख्य परीक्षा का सिलेबस भी जारी कर दिया है। इसमें 4 प्रश्न पत्र होंगे, जिनमें प्रत्येक प्रश्न पत्र 200 अंकों का होगा। प्रश्न पत्र-1 में इतिहास, अर्थव्यवस्था, समाज शास्त्र, प्रबंधन एवं लेखाशास्त्र को सम्मिलित किया गया है। जबकि प्रश्नपत्र-2 में प्रशासनिक विधि शास्त्र, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा भूगोल विषय को रखा गया है। राज व्यवस्था, लोक प्रशासन, विधि, खेल एवं योग और व्यवहार, मनोविज्ञान विषयों को प्रश्न पत्र-3 में शामिल किया गया है। वहीं प्रश्न पत्र-4 हिंदी एवं अंग्रेजी भाषा के प्रश्न पूछे जाएंगे। हिंदी के 120 अंकों के प्रश्न होंगे, जबकि अंग्रेजी के 80 अंकों के प्रश्न होंगे।