विश्व बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम सर्बिया रवाना
सर्बिया के बेलग्रेड में आगामी 24 अक्टूबर से आयोजित होने जा रही विश्व बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2021 के लिए भारतीय टीम रवाना हो गई है। इस चैंपियनशिप में पहली बार कुल 13 भारतवर्ग में भारतीय मुक्केबाज हिस्सा लेंगे। भारत की ओर से प्रतिभाग करने जा रही इस 13 सदस्यीय टीम में 10 मुक्केबाज हरियाणा से और पंजाब, उत्तर प्रदेश और असम से 1-1 मुक्केबाज शामिल हैं। नई दिल्ली एयरपोर्ट से भारतीय टीम ने कल सर्बिया के लिए उड़ान भरी।
जानकारी के लिए बता दें कि भारतीय दल का प्रशिक्षण शिविर पटियाला में चल रहा था। इससे पूर्व अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी महासंघ ने घोषणा करते हुए बताया था कि विश्व चैंपियनशिप के 2021 आधिकारिक दस्ताने अब लाल और नीले रंग की जगह सफेद रंग के होंगे। इस बार की वर्ल्ड चैंपियनशिप में टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले मुक्केबाज नहीं जा रहे हैं। यह प्रतिस्पर्धा 24 अक्टूबर से शुरू होगी और 6 नवंबर तक चलेगी। भारतीय मुक्केबाज इस चैंपियनशिप में 48, 51, 54, 57, 60, 63.5, 67, 71, 75, 80, 86, 92 और 92+ किलोग्राम की प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
दीपक भोरिया, आकाश राजपूत, आकाश सांगवान, लक्ष्य चाहर, संजीत सिंगरोहा, सुमित कुंडू, सचिन दहिया और नरेंद्र बेरवाल सेना की तरफ से खेलते हैं, जबकि गोविंद साहनी और वरिंद्र सिंह रेलवे का प्रतिनिधित्व करते हैं। करनाल से निशांत देव कर्नाटक की ओर से खेलते हैं। रोहित मोर मूल रूप से हरियाणा के सोनीपत जिले के रहने वाले हैं, मगर वह दिल्ली की ओर से राज्य स्तर पर खेल चुके हैं।
0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box